ब्रेकिंग न्यूज़
एम डी न्यूज़ मथुरा से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख की रिपोट

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मानदेय बढ़कर 12 हजार; स्मार्टफोन और कैशलेस इलाज की भी सौगात

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। अयोध्या धाम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को कई सौगातें दीं। इसी क्रम में मंगलवार को मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र व साड़ी वितरित की गईं, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में चार हजार रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। वहीं आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय को 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निशुल्क एवं कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।

विभागीय योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी, पारदर्शी व्यवस्था और डेटा फीडिंग को बेहतर बनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं पहले मिलने वाली दो साड़ियों के स्थान पर अब प्रत्येक वर्ष तीन साड़ियों का प्रावधान किया गया है। इसकी धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो सके।

कार्यक्रम में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और साड़ी वितरित की गई। अनाथ बच्चों की शिक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाए जाने के तहत पात्र बच्चों एवं बालिकाओं को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र दिए गए। अति कुपोषित श्रेणी से सामान्य श्रेणी में पहुंचे 11 बच्चों की माताओं को पोषण पोटली और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने और उन्हें स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी विशेष प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण, संस्कार और प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती महिलाओं की देखभाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार की नई सुविधाओं से उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा और वे योजनाओं को और अधिक समर्पण एवं गंभीरता के साथ धरातल तक पहुंचा सकेंगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *