ब्रेकिंग न्यूज़
एम डी न्यूज़ मथुरा से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख की रिपोट
घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी फरार
मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र की जमुना बिहार कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना लोहवन बगीची के निकट जमुना बिहार कॉलोनी की है। यहां पूजा देवी (35) पत्नी जगदेव अपने परिवार के साथ रहती थीं। बताया गया है कि मंगलवार को किसी बात को लेकर पूजा देवी और उनके पति जगदेव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जगदेव ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उसने पूजा देवी का गला दबा दिया।
महिला की हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई। लोग मौके पर पहुंचे और महिला को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जमुनापार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को पूछताछ में दंपती के 10 वर्षीय बेटे सिद्धांत से भी घटना के संबंध में जानकारी मिली। सिद्धांत ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। घटना के समय भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद पिता ने मां के साथ मारपीट की और कथित तौर पर उनका गला दबा दिया। सिद्धांत अपनी ननिहाल में रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भी मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आरोपी जगदेव की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

