रिपोर्ट-विशाल कसौधन

निचलौल, महराजगंज। सरस्वती देवी महाविद्यालय, निचलौल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ‘आचार्य रजनीश’ के तत्वावधान में एवं को-करिकुलर गतिविधि के अंतर्गत तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए शारीरिक शिक्षा एवं योग की विशेष कक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करते हुए उनके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना रहा।


योगाभ्यास सत्र में विशाल कसौधन ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं सरल योगाभ्यासों का विधिवत अभ्यास कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को योग की सही मुद्रा, श्वास-प्रश्वास की प्रक्रिया तथा योगाभ्यास के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।


इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को विकसित करने में भी सहायक है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों की दिनचर्या में योग एवं शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।


योगाभ्यास के दौरान तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। प्रशिक्षक द्वारा प्रत्येक योगासन को स्वयं करके उसकी विधि समझाई गई तथा विद्यार्थियों से भी उसका अभ्यास कराया गया। साथ ही नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।


राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वस्थ जीवनशैली की भावना विकसित करने के उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। महाविद्यालय की को-करिकुलर गतिविधियों में शारीरिक शिक्षा एवं योग को विशेष महत्व दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय EAEC अध्यक्षा पल्लवी ने भी योगाभ्यास किया साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *