
उत्तर प्रदेश टीम ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
बलिया, तीसरी जूनियर राष्ट्रीय रिंग टेनिस चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन टीम वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और ओडिशा ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।
मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में तमिलनाडु की करिश्मा और लतीश की जोड़ी का मुकाबला गुजरात की मेहक डोबरिया और गीत से होगा। वहीं उत्तर प्रदेश के वेदांत जायसवाल और श्रेया यादव ने भी सेमीफाइनल में स्थान बनाया। तेलंगाना के खिलाड़ियों ने भी अगले दौर में प्रवेश किया।
तीसरे दिन टीम वर्ग के सेमीफाइनल व फाइनल तथा व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल मुकाबले होंगे। इसके बाद सनबीम स्कूल, बलिया परिसर में विजेता खिलाड़ियों और टीमों का सम्मान किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन रिंग टेनिस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश और सनबीम स्कूल, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह जानकारी महासचिव मनीषा रानी ने दी।
