हरितालिका तीज महोत्सव में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया सम्मानित

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा, पूर्वांचल (उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में हरितालिका तीज के पावन अवसर पर होटल सिटी इन, कैंट रेलवे स्टेशन के सामने हरितालिका तीज महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य नारी शक्ति, सम्मान और स्वाभिमान को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासभा की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रंभा सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड अध्यक्ष रीना सिंह रहीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. अंशु सिंह, राष्ट्रीय महासचिव संगठन वंदना रघुवंशी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सविता सिंह, महानगर अध्यक्ष नीतू सिंह, महानगर उपाध्यक्ष उमा सिंह, जिला उपाध्यक्ष ऊषा सिंह, जिला सचिव सुषमा सिंह तथा प्रदेश संरक्षक डॉ. अपर्णा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
महोत्सव में हरितालिका तीज की पारंपरिक संस्कृति और महिलाओं की प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला। महिलाओं ने कजरी गायन, नृत्य और रैंप वॉक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधान एवं श्रृंगार में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।
नृत्य प्रतियोगिता में श्रचा सिंह, अन्नया सिंह और दिप्ती ने प्रतिभाग किया। गीत प्रतियोगिता में श्वेता, पूजा, उमा, मंजू और सुधा सिंह ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रैंप वॉक में अंजली सिंह, भावना सिंह और निहारिका सिंह ने हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि रंभा सिंह ने कहा कि हरितालिका तीज भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। महासभा महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आयोजकों ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *