प्रॉक्टर टीम से तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की के आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के अब्दुल्लाह हॉल में सोमवार को मेस के खराब खाने और सफाई व्यवस्था को लेकर छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में थाली और चम्मच लेकर दर्जनों छात्राओं ने कैंपस में नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।छात्राओं का आरोप है कि मेस में लगातार खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है और खाने में कई बार कीड़े निकलने की शिकायत भी सामने आई है। इसके अलावा हॉस्टल की सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। छात्राओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।प्रदर्शन की सूचना मिलने पर यूनिवर्सिटी की प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने की बात सामने आई है। छात्राओं ने प्रॉक्टर टीम पर धक्का-मुक्की का आरोप भी लगाया है। वहीं, प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को छात्राओं से बातचीत करने से रोकने का भी आरोप लगाया गया।घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें छात्राएं प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जाहिर करती दिखाई दे रही हैं। पूरा मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित अब्दुल्लाह गर्ल्स कॉलेज परिसर का बताया जा रहा है।
रिपोर्ट: कमल शर्मा अलीगढ़, उत्तर प्रदेश

