
मुजफ्फरनगर, मीरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के लटकते तारों को लेकर किसानों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तार खेतों के काफी नीचे हैं। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। हादसे के डर से किसान खेतों में काम करने से भी कतरा रहे हैं। वहीं, ईंख की फसल के ऊपर से गुजर रही यह विद्युत लाइन किसानों के लिए एक और चिंता का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि तारों में किसी तरह की चिंगारी या फॉल्ट होने पर ईंख की खड़ी फसल में आग लगने की संभावना बनी रहती है, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत और फसल को नुकसान हो सकता है।
किसानों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को बार-बार शिकायत पत्र दिए गए हैं। इतना ही नहीं, समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण कई बार बिजलीघर के चक्कर भी लगा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीण और किसान खेतों पर पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द बिजली के तारों को उचित ऊंचाई पर कराने की मांग की।किसानों का कहना है कि खेतों में ईंख की फसल खड़ी है और उसकी देखभाल के लिए उन्हें रोज खेतों पर जाना पड़ता है। लेकिन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा के साथ-साथ फसल की सुरक्षा की भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करें और तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कराया जाए ताकि किसानों और उनकी फसलों को किसी भी संभावित खतरे से बचाया जा सके किसानों की इस गंभीर समस्या पर विद्युत विभाग कब तक कार्रवाई करता है
