हाथरस, 16 सितंबर। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, हाथरस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, भोजनालय और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया, जो संतोषजनक पाई गई।विद्यालय में कुल 100 छात्राओं के सापेक्ष 80 छात्राएं उपस्थित मिलीं। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ने छात्राओं से विभिन्न विषयों को लेकर संवाद किया और विज्ञान, इतिहास, हिंदी व अंग्रेजी सहित अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। इसके साथ ही सामाजिक विषयों पर भी छात्राओं से बातचीत कर उनकी जानकारी और विचारों को जाना।जिला प्रोबेशन अधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अभी से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही रणनीति, मेहनत और निरंतर प्रयास के माध्यम से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।इस दौरान छात्राएं काफी उत्साहित नजर आईं और उन्होंने भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने को लेकर जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने प्रभारी वार्डन श्रीमती मनीषा सिंह को विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

