निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चल रहा था ई-रिक्शा, चेकिंग में रोके जाने पर चालक ने खड़ा किया विवाद
हाथरस। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान इगलास चौराहे पर उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चल रहे एक ई-रिक्शा को यातायात पुलिसकर्मी ने रोक लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की बात कहे जाने पर ई-रिक्शा चालक ने पुलिसकर्मी से बहस शुरू कर दी और मौके पर काफी देर तक हंगामा करता रहा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।पुलिस के अनुसार यातायात व्यवस्था को लेकर इगलास चौराहे पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अलीगढ़ जनपद का एक ई-रिक्शा वहां से गुजर रहा था। पुलिसकर्मी देवेंद्र सिंह ने ई-रिक्शा को रोककर उसकी जांच की। पुलिस का कहना है कि ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं। यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिसकर्मी ने चालक को रोककर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।आरोप है कि कार्रवाई की बात सुनते ही चालक पुलिसकर्मी से बहस करने लगा। चालक ने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगा। पुलिसकर्मी द्वारा यातायात नियमों का पालन करने और चेकिंग में सहयोग करने की बात कहे जाने के बावजूद चालक काफी देर तक बहस करता रहा। इस दौरान चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।पुलिस के मुताबिक ई-रिक्शा चालक की पहचान अलीगढ़ जनपद की इगलास तहसील क्षेत्र के गांव बसेली निवासी प्रमोद के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। चेकिंग के दौरान किसी वाहन में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में ई-रिक्शा चालक और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। पुलिस की ओर से यातायात नियमों का पालन कराने के लिए की जा रही चेकिंग के दौरान इस तरह हंगामा किए जाने को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा है।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, नियमों का उल्लंघन करने तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से चेकिंग के दौरान सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

