हाथरस। श्री दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को किला परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला जज विनय कुमार तृतीय, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं परिवारीजनों के साथ विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्री दाऊजी महाराज का पूजन एवं महाभिषेक किया।महाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर जयकारों, शंखनाद एवं घंटों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। भगवान श्री दाऊजी महाराज का पंचामृत से महाभिषेक कर 56 भोग अर्पित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार, पत्रकार बंधु, शहर के गणमान्य नागरिक सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट राजा पाठक

