हाथरस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ किया गया। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जिला महिला चिकित्सालय में सात बेड के नवीन वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती महिलाओं को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

नवीन वार्ड में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के सीजेरियन ऑपरेशन के बाद देखभाल एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जिले में प्रतिमाह करीब 400 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया जाता है। नवीन वार्ड शुरू होने के बाद जिला महिला अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन की क्षमता बढ़कर करीब 100 प्रतिमाह होने की संभावना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने जनपद में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ और एक निश्चेतक की तैनाती का अनुरोध भी प्रभारी मंत्री से किया।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में 50 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था, जबकि उद्घाटन तक 12 लोगों ने रक्तदान कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार ब्लड बैंक में 825 यूनिट रक्त सुरक्षित रखने की क्षमता है।

प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल में नवनिर्मित 18 बेड के आधुनिक इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। पूर्व में इमरजेंसी में छह बेड की व्यवस्था थी। नए वार्ड में बेड की संख्या बढ़ने के साथ मेडिकल स्टाफ के लिए अलग कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल पूछकर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश, सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश, डॉ. दिनेश एम. सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट राजा पाठक

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *