फतेहपुर। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को बिंदकी तहसील क्षेत्र स्थित संदिपनी पब्लिक स्कूल, अदमापुर कोरसम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह की पत्नी के तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अदमापुर कोरसम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश-निकास, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने पूर्व राष्ट्रपति से मिलने वाले लोगों की सूची का सत्यापन कराने तथा प्रोटोकॉल के अनुसार प्रवेश और निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकासी मार्ग और दमकल वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, जीवन रक्षक दवाओं, उपकरणों और एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के निर्देश दिए गए।वहीं, खंड विकास अधिकारी मलवां को कार्यक्रम स्थल और रूट पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, अस्थायी शौचालय और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। सड़क मरम्मत, साइनेज, विद्युत सुरक्षा और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।डीएम ने बिंदकी के एसडीएम को नोडल अधिकारी नामित कर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी बिंदकी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

