
गोंडा-पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने रात 1 बजे जारी की तबादला सूची, साइबर सेल से लेकर सर्विलांस, मीडिया सेल और अपराध शाखा तक बदलाव गोंडा में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एसपी अभिषेक झा ने शनिवार तड़के करीब 1 बजे बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों के तबादले किए। आदेश के तहत 443 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को नई तैनाती दी गई है।
इनमें ऐसे पुलिसकर्मी शामिल हैं, जो तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही स्थान, विभाग या शाखा में तैनात थे। तबादले के बाद सभी को अलग-अलग थानों, चौकियों और कार्यालयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साइबर सेल और सर्विलांस में भी बड़ा बदलाव
तबादला सूची में साइबर सेल और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।
- साइबर सेल के साइबर एक्सपर्ट हरिओम टंडन को इटियाथोक भेजा गया।
- साइबर सेल के राजेंद्र का तबादला परसपुर किया गया।
- सर्विलांस सेल में तैनात हृदय नारायण दीक्षित और अमितेश सिंह को SWAT टीम में भेजा गया।
- साइबर सेल के मनीष कुशवाहा को कोतवाली देहात भेजा गया।
- सर्विलांस और SOG में तैनात रणधीर सिंह को सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी दी गई।
मीडिया सेल के पुलिसकर्मी भी बदले
मीडिया सेल में तैनात पुलिसकर्मियों का भी तबादला किया गया है।
मोहन मुरारी शर्मा को मनकापुर, सजल नयन को खरगूपुर और कंप्यूटर ऑपरेटर इंद्रेश गुप्ता को खरगूपुर भेजा गया। वहीं मीडिया सेल के कांस्टेबल रीतेश सचान का तबादला कोतवाली देहात किया गया।
अभियोजन, पासपोर्ट और LIU में भी फेरबदल
अभियोजन कार्यालय में तैनात भावना यादव को नगर क्षेत्राधिकारी कार्यालय और मित्र सेन को सदर क्षेत्राधिकारी कार्यालय भेजा गया।
पासपोर्ट सेल में तैनात शशि गोस्वामी का तबादला महिला थाना किया गया। LIU शाखा में तैनात पिंकी को कोतवाली देहात भेजा गया।
अपराध शाखा और फील्ड यूनिट के पुलिसकर्मी भी बदले
अपराध शाखा में तैनात शुभम यादव को धानेपुर और दिग्विजय कुमार को वजीरगंज भेजा गया है।फील्ड यूनिट में तैनात सचिन कुमार और प्रधान लिपिक कार्यालय में तैनात शिप्रा द्विवेदी का तबादला मोतीगंज किया गया। आयोग सेल में तैनात रंजीत यादव को करनैलगंज, गोपनीय कार्यालय के दिवाकर सिंह को साइबर थाना और विशेष जांच सेल में तैनात विनय कुमार गौड़ को कौड़िया थाना भेजा गया।
तत्काल जॉइन करने के निर्देश
एसपी अभिषेक झा ने बताया कि तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही विभाग, कार्यालय अथवा शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को अपने नए तैनाती स्थल पर तत्काल पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
