कन्नौज। प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक श्री असीम अरुण ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण तथा नगर पालिका के स्टोर रूम के स्थान पर प्रस्तावित मीडिया सेंटर के विकास को लेकर पत्रकार बंधुओं के साथ गहन विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटर को आकर्षक, सुविधाजनक और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि जनपद के पत्रकारों को संवाद एवं कार्य करने के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सके।
मंत्री जी ने बताया कि प्रस्तावित मीडिया सेंटर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था के साथ शौचालय की सुविधा भी समाहित की जाएगी। परिसर की सुंदरता और आकर्षण बढ़ाने के लिए बेहतर लाइटिंग एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। तालाब के सौंदर्यीकरण से पूरे क्षेत्र को नया और भव्य स्वरूप प्राप्त होगा। मीडिया सेंटर की साफ-सफाई, रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एक समिति के गठन पर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति में जनपद के सभी पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किए जाने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक सदर सहित आवश्यकतानुसार अन्य संबंधित अधिकारियों को भी समिति का सदस्य बनाए जाने पर चर्चा हुई।
श्री असीम अरुण ने कहा कि मीडिया सेंटर के संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए ऐसे लोगों को समिति में शामिल किया जाएगा, जिनकी वास्तविक आवश्यकता और उपयोगिता हो। समिति की देखरेख में मीडिया सेंटर का संचालन एवं रखरखाव व्यवस्थित ढंग से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटर के विकसित होने से पत्रकार बंधुओं को बैठने, विचार-विमर्श करने और अपने कार्यों को व्यवस्थित रूप से करने के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र की सुंदरता और भव्यता में भी वृद्धि होगी। मंत्री जी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप जनपद में भी धीरे-धीरे विकास और सुविधाओं से जुड़े अनेक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। सरकार का प्रयास है कि सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप प्रदान करने के साथ-साथ आमजन और विभिन्न वर्गों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार किया जाए।

7 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed