
गोण्डा। पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों के बीच गन्ना किसानों के लिए सट्टा संबंधी अभिलेखों में गड़बड़ी को सुधारने के लिए सहकारी गन्ना विकास समिति गोण्डा में समिति स्तरीय सर्वे सट्टा प्रदर्शन एवं आपत्ति निस्तारण मेले का शुभारम्भ 19 सितम्बर दिन शनिवार को सहकारी गन्ना समिति गोण्डा के अध्यक्ष भारत सिंह एवं उप गन्ना आयुक्त देवीपाटन डॉ आर बी राम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस अवसर पर गन्ना समिति गोण्डा के उपाध्यक्ष महाजन वर्मा संचालक सदस्या श्रीमती अर्चना उपाध्याय, संचालक सदस्या राजमति देवी के प्रतिनिधि संजय सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गोण्डा सुनील कुमार शुक्ल ,सचिव प्रभारी डॉ. राम मिलन,चीनी मिल कुंदरखी के गन्ना प्रवंधक शशि कांत दुबे, मैजापुर चीनी मिल के सी.डी.ओ. संदीप पाण्डेय के अतिरिक्त सभी चीनी मिलों के मोटीवेटर,राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक तथा किसान भाई उपस्थित रहे. मेले के उद्घाटन के उपरांत उपस्थित कृषकों को ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गोण्डा ने बताया कि शरद काल हेतु अभिजनक बीज गन्ना का ,जिसमे अन्य प्रजातियों के साथ -साथ नवीन गन्ना प्रजाति cos 18231 एवं cose 17451 का भी बीज शामिल है, आवंटन हुआ है, जो किसान भाई इन प्रजातियों के बीज गन्ना लेना चाहते, वह अपने गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते है. उप गन्ना आयुक्त महोदय ने कहा कि किसान मेले में किसान अपने सट्टे का मिलान, 63 कॉलम खतौनी और प्री-कैलेण्डर की जांच अवश्य कर लें तथा अभिलेखों में नाम, भूमि, क्षेत्रफल, गन्ने की प्रजाति अथवा अन्य किसी विवरण में विसंगति मिलने पर किसान मेले के दौरान ही अपनी आपत्ति दर्ज कराकर उसका निस्तारण करा लें। सचिव प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पेराई सत्र 2026-27 के लिए अभिलेखों में सुधार कराने का यह अंतिम अवसर है. निर्धारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन मान्य नहीं होगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद पेराई सत्र 2026-27 का अंतिम कैलेण्डर तैयार कर विभागीय वेबसाइट पर लाइव कर दिया जाएगा। सहकारी गन्ना समिति गोण्डा के अध्यक्ष भारत सिंह ने सभी गन्ना किसानों से मेले में पहुंचकर अपने अभिलेखों का मिलान करने की अपील की।
