
बरेली के पटेल नगर स्थित आधार सेवा केंद्र पर पिछले कुछ दिनों से राशन कार्ड की ई-केवाईसी और छात्रों की अपार आईडी के लिए आधार अपडेट कराने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए केंद्र पर व्यवस्था संभालने के लिए प्रेम नगर थाने से पुलिस बल तैनात किया गया है। राशन कार्ड की ई-केवाईसी के चलते बरेली मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग आधार सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे से ही केंद्र के बाहर लंबी कतार लगनी शुरू हो जाती है। बीते दिन करीब 800 लोगों ने आधार अपडेट कराया, जबकि आज खबर लिखे जाने तक 500 से 600 लोग प्रक्रिया पूरी करा चुके थे। केंद्र पर एक दिन में 700 टोकन बांटे गए। ऑपरेशन मैनेजर महेंद्र ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थाने में पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। पुलिस की तैनाती के बाद केंद्र के बाहर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें लगाई जा रही हैं। लोगों को सीमित संख्या में केंद्र के अंदर भेजा जा रहा है, जिससे भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके।
रिपोर्टर गौरव सक्सेना एम डी न्यूज़ बरेली।
