बहुयामी समाचार पत्र एम डी न्यूज़ के लिए वाइस ब्यूरो चीफ अखिलेश राजपूत की खास रिपोर्ट!

कन्नौज/ तहसील छिबरामऊ में आज जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 240 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 20 प्रकरणों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया। शेष 220 शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित समयसीमा में प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। चकमार्ग, विद्युत आपूर्ति, नाली-खड़ंजा, आवास सहित भूमि एवं अन्य स्थानीय समस्याओं के मामलों में अधिकारी आवश्यकता के अनुसार स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें तथा तथ्यों की जांच के उपरांत नियमानुसार निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं में कोई भी पात्र लाभार्थी लाभ से वंचित न रहे। संबंधित अधिकारी पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण करें।
जिलाधिकारी ने सभी जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रातः 10 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किए जाने तथा निस्तारण की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने IGRS, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनता दर्शन एवं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल कागजी निस्तारण के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, प्रभागीय वनाधिकारी श्री हेमंत सेठ, उपजिलाधिकारी छिबरामऊ, तहसीलदार सहित विभिन्न जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
