वरिष्ठ कांग्रेस नेता की बेटी अंदलीब रहमान को आम आदमी पार्टी ने उपचुनाव में बनाया प्रत्याशी
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
जिला रिपोर्टर युसूफ रिपोर्ट
रामपुर। नगर पालिका परिषद रामपुर के वार्ड संख्या 13 में होने वाले उपचुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं वार्ड 13 के सभासद रहे स्वर्गीय महफ़ूज़ उर रहमान ख़ान की पुत्री अंदलीब रहमान को अपना प्रत्याशी घोषित करते हुए आज उनके नामांकन पत्र की खरीद कराई।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय महफ़ूज़ उर रहमान ख़ान के इंतक़ाल के बाद नगर पालिका परिषद रामपुर के वार्ड 13 की सभासद सीट रिक्त हुई थी। इसी सीट पर होने वाले उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने अंदलीब रहमान को अपना प्रत्याशी बनाया है।

गौरतलब है कि अंदलीब रहमान और उनकी वालिदा ने कल कांग्रेस छोड़ प्रदेश प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य श्री फ़ैसल ख़ान लाला के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। सदस्यता ग्रहण करने के अगले ही दिन पार्टी ने अंदलीब रहमान को वार्ड 13 उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।

स्वर्गीय महफ़ूज़ उर रहमान ख़ान लंबे समय तक क्षेत्र की जनता के बीच रहकर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे और वार्ड 13 के सभासद के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनके इंतक़ाल के बाद उनकी बेटी अंदलीब रहमान का जनसेवा के क्षेत्र में आगे आना उनके परिवार और क्षेत्र की जनता के बीच लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव को आगे बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर फ़ैसल ख़ान लाला ने कहा कि अंदलीब रहमान को वार्ड 13 से प्रत्याशी बनाया जाना आम आदमी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पार्टी वार्ड की जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं, बुनियादी जरूरतों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाऐंगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित और विकास की राजनीति को लेकर वार्ड 13 की जनता के बीच जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे।

अंदलीब रहमान के प्रत्याशी घोषित होने के साथ ही नगर पालिका परिषद रामपुर के वार्ड 13 में आम आदमी पार्टी ने अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है।

रय्यान अली खां
ज़िला प्रवक्ता “आप” रामपुर

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *