MD NEWS बहुआयामी समाचार

कौशाम्बी : संदीपनघाट पुलिस ने शादी कराने के नाम पर कथित तौर पर रकम हड़पने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मथुरा के एक युवक को शादी कराने का झांसा देकर आरोपियों ने उससे मोटी रकम ली, लेकिन शादी नहीं कराई और पैसे वापस मांगने पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
मामला मथुरा जिले के जैत थाना क्षेत्र के चकराया गांव निवासी छैल बिहारी पुत्र स्व. रमन से जुड़ा है। पीड़ित ने 18 सितंबर को संदीपनघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें शादी कराने के नाम पर रकम लेने का आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष एनके नागर के मुताबिक, शनिवार दोपहर पुलिस को आरोपियों के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सैय्यद सरावां तेरहमील मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार पासी पुत्र स्व. राम विशाल, निवासी फरीदपुर सुलेम, थाना चरवा और कल्लू उर्फ शियानन्द पुत्र स्व. लाला, निवासी उजिहिनी आइमा गोदाम, थाना संदीपनघाट के रूप में हुई है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
