प्रयागराज। नगर निगम के वार्ड 75 झूंसी कोहना के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-6 में रविवार को जीवन दीप हॉस्पिटल, झूंसी के सौजन्य से निःशुल्क ब्लड प्रेशर एवं शुगर जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर निगम के नामित पार्षद अरुण कुमार मिश्रा ‘पिंटू नेता’ ने फीता काटकर किया।
शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों के ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की निःशुल्क जाँच की गई। स्वास्थ्य जाँच कराने के लिए आसपास के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य की जाँच कराने तथा ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी सामान्य लेकिन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर नामित पार्षद अरुण कुमार मिश्रा ‘पिंटू नेता’ ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने जीवन दीप हॉस्पिटल परिवार द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में जीवन दीप हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रवीण पाण्डेय जी एवं श्रीमती विजयलक्ष्मी चंदेल जी उपस्थित रहीं। अस्पताल परिवार की ओर से शिविर में आने वाले लोगों की स्वास्थ्य जाँच में सहयोग किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि लोगों को अपने स्वास्थ्य की प्राथमिक जाँच आसानी से उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के अंत में जनसेवा के इस पुनीत कार्य के लिए जीवन दीप हॉस्पिटल परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं आभार व्यक्त किया गया। 💐🙏


