
कानपुर नगर- कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरे कंपनी पुल पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवक अंदर फंस गए। रविवार को राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर कार पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि कार मॉल रोड से पंडित होटल की ओर जा रही थी। पुल पर अचानक नियंत्रण बिगड़ने के बाद कार रेलिंग से नीचे जा गिरी!
कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि कार मॉल रोड से पंडित होटल की ओर जा रही थी। पुल पर अचानक नियंत्रण बिगड़ने के बाद कार रेलिंग से नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार अमित गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि अविनाश को मामूली चोटें आईं। कार के चारों एयरबैग खुल गए थे। अमित के परिजन उसे बाद में निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जिस स्थान से कार नीचे गिरी, वहां सुरक्षा रेलिंग पहले से टूटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलिंग दुरुस्त न होने से पुल से नीचे सड़क पर वाहन गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से सुरक्षा इंतजाम मजबूत कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी हिस्से में करीब 30 मीटर पहले नौ जुलाई को भी एक हुंडई वेन्यू कार पुल से नीचे गिर गई थी। उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। करीब दो महीने के भीतर इसी हिस्से में दूसरी बार वाहन के नीचे गिरने से पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हादसे के समय पुल के नीचे कैंटोनमेंट की सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद थी। लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर यातायात चल रहा होता तो कार किसी वाहन या राहगीर से टकरा सकती थी। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों और कार के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
