
महराजगंज। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन
अवस्थी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 1461 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पकड़ा गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने चौराहों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की। जांच के दौरान शराब का सेवन करते मिले लोगों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस समेत अन्य सुसंगत धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग या माहौल खराब करने वालों में हड़कंप मचा रहा। महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
