एमडी न्यूज महिला मंडल ब्यूरों कानपुर नगर- शिवांगिनी अग्रवाल

कानपुर नगर – दिनांक 21.09.2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी द्वारा दिनांक 22.09.2026 को बुढ़वा मंगल पर्व के अवसर पर थाना पनकी क्षेत्रान्तर्गत स्थित पनकी मंदिर में आयोजित सुरक्षा व्यवस्था संबंधी बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान बुढ़वा मंगल पर्व पर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस उपायुक्त पश्चिम महोदय द्वारा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं कवरेज को भी चेक किया गया। महोदय द्वारा ड्यूटी पर लगाए गए पुलिस बल एवं अधिकारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता के साथ तैनात रहें तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित करें। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम महोदय द्वारा स्थानीय लोगों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
मौके पर पश्चिम जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्तगण एवं संबंधित पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed