बहुआयामी समाचार

रिपोर्टर — धर्मानंद पाण्डेय
प्रयागराज। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद स्तरीय जिला सलाहकार समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद की बैंकिंग प्रगति, ऋण वितरण, क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो सहित विभिन्न शासकीय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बैंकों द्वारा किए जा रहे ऋण वितरण, लंबित आवेदनों, स्वीकृति एवं ऋण वितरण की बैंकवार स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनावार एवं बैंकवार प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद के सीडी रेशियो की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए बैंकों को ऋण प्रवाह बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में उपलब्ध जमा राशि के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि कृषि, एमएसएमई, स्वरोजगार तथा अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं में बैंक किसी भी स्तर पर बाधक न बनें। पात्र लाभार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं और निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिलाधिकारी ने एसबीआई, पीएनबी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक एवं केनरा बैंक के प्रतिनिधियों को सीडी रेशियो में सुधार के लिए ठोस एवं निगरानी योग्य कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना में निर्धारित लक्ष्य, प्रस्तावित ऋण प्रवाह तथा लक्ष्य प्राप्त करने की समयबद्ध रणनीति का स्पष्ट उल्लेख हो और इसकी नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, आरबीआई से श्री सुधीर कुमार पाण्डेय, डीडीएम नाबार्ड सुश्री शोभना सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सुरेन्द्र सांखला सहित विभिन्न बैंकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
