आधुनिक नगर पंचायत कार्यालय भवन को शासन की मंजूरी

मोहम्मद सलमान
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख बाराबंकी

बेलहरा, बाराबंकी। नगर पंचायत बेलहरा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के क्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। शासन ने नगर पंचायत बेलहरा में भव्य एवं आधुनिक नगर पंचायत कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस स्वीकृति को नगर के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नगर पंचायत के विकास को लेकर लगातार प्रयासरत अयाज खान ने कहा कि नया कार्यालय भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि बेलहरा के बेहतर और सुनियोजित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बनेगा। आधुनिक कार्यालय भवन के निर्माण से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
नए भवन में अधिकारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था होने से नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे लोगों को अपनी समस्याओं और आवश्यक कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
अयाज खान ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ नगर की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि बेलहरा को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करने और विकास कार्यों को निरंतर गति देने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *