हाथरस में गूंजी मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की गूंज, किसानों को मिलेगा ₹6 लाख तक का ऋण

रामोजी रिसोर्ट में हुआ योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण, बैठक में पात्र किसानों को लाभ पहुंचाने पर जोर

हाथरस। लघु एवं सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को लेकर हाथरस में किसानों के बीच उम्मीद जगी है। बुधवार को अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिसोर्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान योजना के प्रावधानों और किसानों को मिलने वाले संभावित लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारी, सहकारी बैंक के प्रतिनिधि, किसान एवं अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन और योजना के शुभारंभ का सीधा प्रसारण देखने के साथ ही किसानों ने योजना से जुड़ी जानकारी हासिल की।

पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए मिलेगा ऋण

योजना के संबंध में आयोजित बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) के माध्यम से पात्र लघु एवं सीमांत किसानों तथा नियमित रूप से ऋण की अदायगी करने वाले पूर्व ऋणी सदस्यों को लाभ पहुंचाने का प्रावधान है। पात्र किसानों को ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ऋण की किस्तों का समय से भुगतान करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत कृषि कार्यों के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

384 करोड़ रुपये की स्वीकृति, पांच लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

योजना के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। आगामी पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने और ऋण वितरण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और ऋण प्रक्रिया की जानकारी के लिए अपने नजदीकी उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की शाखा से संपर्क करें। योजना के शुभारंभ और हाथरस में हुए सजीव प्रसारण से लघु एवं सीमांत किसानों को आर्थिक सहयोग की नई उम्मीद मिली है।

हाथरस से संजीव कुमार तेनगुरिया की रिपोर्ट

0 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed