
आम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद की बात आई सामने
रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा बदायूं।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कथरा खगेई में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।मृतक की पहचान योगेंद्र पुत्र रामनिवास, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक योगेंद्र नोएडा में एक स्कूल की कैंटीन में काम करता था। बताया गया कि वह पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से चल रहे विवाद को लेकर परेशान था।मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि योगेंद्र का पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। जितेंद्र के अनुसार, ससुराल पक्ष की ओर से कोर्ट में भी केस किया गया था, जिसके चलते योगेंद्र तनाव में था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उसे काफी समय से परेशान कर रहे थे।जितेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि योगेंद्र के ससुर पप्पू पुत्र भगवान दास निवासी सिसैया गुसाई, थाना दातागंज, जिला बदायूं करीब एक वर्ष से अपनी बेटी सूबी को ससुराल नहीं भेज रहे थे।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई हैबताया गया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई जितेंद्र ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मूसाझाग थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।

मौके पर थाना प्रभारी मनोज कुमार, उपनिरीक्षक मलखान सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, ललित सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है,पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजन युवक की मौत को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
