रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर MD NEWS बहुआयामी समाचार फतेहपुर। तेलियानी विकासखंड के न्याय पंचायत सनगांव अंतर्गत त्रिलोकीपुर में सोमवार को इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद तथा दि होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान और डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में डेंगू बचाव एवं जागरूकता महाभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।अभियान के दौरान प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकीपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकीपुर तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के कुल 276 बच्चों को डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरित की गई। इनमें प्राथमिक विद्यालय के 81, उच्च प्राथमिक विद्यालय के 97 तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के 98 बच्चे शामिल रहे।डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता के साथ स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पीने के पानी को उबालकर पीने तथा कहीं भी पानी एकत्र न होने देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि रुके हुए पानी में मच्छरों के पनपने की संभावना रहती है, इसलिए जलभराव वाले स्थानों को तत्काल साफ करना चाहिए। साथ ही बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।अभियान के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या रुचिका सिंह, सुनीता देवी, क्षमा तिवारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। प्रमुख सहयोगी एवं प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव ने भी अभियान में सहयोग किया। आयोजकों ने कहा कि डेंगू समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान जारी रखा जाएगा।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *