रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर :
अमौली कस्बे के करनपुर बस स्टॉप पर भूमि विवाद को लेकर सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने मां-बेटी समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान फतेहपुर-जहानाबाद मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। बस, ई-रिक्शा और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे।कस्बा निवासी पूजा पांडेय और उनकी मां सरोजनी ने परिजनों के साथ बस स्टॉप के सामने सड़क के दोनों ओर रस्सियां बांधकर रास्ता रोक दिया था। सूचना पर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा और महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया।पूजा पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनका भूमि विवाद का मामला चल रहा है। आरोप है कि राजस्व टीम ने मामले का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया, जिससे नाराज होकर उन्होंने परिजनों के साथ सड़क जाम किया।काफी प्रयास के बाद पुलिस ने रस्सियां हटवाकर यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी वृंदावन राय ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

