रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख

MD NEWS बहुआयामी समाचार

फतेहपुर मालवा गैस सिलेंडर के भीषण विस्फोट से दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, खाना बनाते समय मकान में आग लग गई। परिवार की महिलाएं चीखते हुए बाहर निकलीं, तभी घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाका हो गया।
धमाका इतना तेज था कि करीब 200 मीटर दूर तक तेज झटका महसूस किया गया। विस्फोट की चपेट में आने से पड़ोस के दो मकान भी जमींदोज हो गए। गनीमत रही कि इन दोनों मकानों में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था। आसपास के करीब 10 से 12 मकानों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है।
संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद बुलडोजर की मदद से मलबा हटाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे 8 लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज में सुरेश गुप्ता के बेटे कुनाल (19), भतीजे वेद (14), यश (8) और अर्पित (15) ने दम तोड़ दिया। वहीं करीब 90 फीसदी झुलसे भतीजे आलोक गुप्ता (23) की देर रात करीब 9:30 बजे मौत हो गई।
हादसे में सुरेश गुप्ता (50), उनका भतीजा ओम (7) और भतीजी शिवानी (23) घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

4 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *