उमंग एक पहचान में प्रतिभाओं को मिला सम्मानविजयी प्रतिभागियों को दी गई 1,20,500 रुपए की प्रोत्साहन राशि

रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा Md news

बदायूँ: 29 सितम्बर। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की पहल पर ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित शैक्षिक एवं जीवन कौशल आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों के साथ उनके अध्यापकों एवं अभिभावकों को भी फूलमाला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र, उपहार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मंगलवार को डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। केजीबीबी जगत की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर जनपद के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उनमें जीवन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न कक्षा स्तरों पर शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय स्तर से लेकर जनपद स्तर तक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 07 से 11 सितम्बर तक, ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 18 सितम्बर तथा ब्लॉक से विजयी बच्चों की जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं 23 सितम्बर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बदायूँ में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्राथमिक स्तर पर कहानी सुनाओ, अंग्रेजी डिक्टेशन, सामान्य ज्ञान आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, वाद-विवाद, अंग्रेजी डिक्टेशन, सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं।कक्षा 01 से 03 तक के छात्र-छात्राओं को ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है।

शेष जनपद स्तरीय विजेता छात्र-छात्राओं को डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।समारोह में 11 छात्र-छात्राओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5,000 रुपये प्रति छात्र, 11 छात्र-छात्राओं को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3,000 रुपये प्रति छात्र तथा 11 छात्र-छात्राओं को तृतीय पुरस्कार के रूप में 1,500 रुपये प्रति छात्र की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 32 छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 500 रुपये प्रति छात्र की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस प्रकार कुल 65 छात्र-छात्राओं को 1 लाख 20 हजार 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।विजेता छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके अध्यापकों एवं अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं जीवन कौशल का विकास करना रहा। एमएलसी प्रतिनिधि व सीडीओ ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रतियोगिता से बेसिक शिक्षा के बच्चों की जनपद में एक अद्भुद पहचान बनी हैं, बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। आगे भी इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहेंगी, निरंतर प्रयास करते रहिए व लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ते रहिए, सफलता अवश्य मिलेगी। इस अवसर पर बीएसए नवीन कुमार, सहित समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी मौजूद रहे।—-

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed