
दातागंज में किसान मेला व पराली प्रबंधन संगोष्ठी संपन्न; विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ बोले- अन्नदाता देश की रीढ़, कृषि यंत्रों पर अनुदान से बढ़ेगी किसानों की आय
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
जनपद बदायूं ,दातागंज स्थित पं० दीन दयाल उपाध्याय सरस्वती मेमोरियल इण्टर कॉलेज ढीलबारी में कृषि विभाग, बदायूँ द्वारा “त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम योजनान्तर्गत” एक दिवसीय किसान मेला एवं फसल अवशेष (पराली) प्रबंधन जागरूकता गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ मौजूद रहे। मंच पर मुख्य अतिथि के साथ उप कृषि निदेशक मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत, एसडीएम दातागंज विनोद कुमार सिंह, खण्ड विकास अधिकारी दातागंज, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा कृषि एवं राजस्व विभाग के जिला व तहसील स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने अन्नदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि किसान हमारे देश की रीढ़ हैं और उनके अथक परिश्रम से ही राष्ट्र समृद्ध बनता है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और मक्का की वैज्ञानिक खेती को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक मुनाफा अर्जित कर सकते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने किसानों से खेतों में पराली न जलाने की भावुक अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने से जमीन की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचता है, इसलिए सभी किसान आधुनिक यंत्रों की मदद से पराली का उचित निस्तारण करें।इस अवसर पर किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए कृषि विभाग द्वारा अनुदान (सब्सिडी) पर कृषि यंत्रों का वितरण किया गया। एस.एम.ए.एम. योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक के रूप में भटौली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के अंकित जी को अनुदानित ट्रैक्टर सौंपा गया,

वहीं पराली प्रबंधन हेतु ग्राम बछिलिया पुख्ता निवासी वीरवती पत्नी कल्लू को अनुदान पर राउंड बेलर प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को संतुलित खाद, फसल सुरक्षा व पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। एसडीएम दातागंज विनोद कुमार जोशी ने प्रशासन की ओर से किसानों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कृषि वैज्ञानिकों से अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।
