रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख
MD NEWS बहुआयामी समाचार

फतेहपुर। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

एसपी ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों की नियमित जांच कराई जाए। बिना परमिट या फिटनेस के कोई भी स्कूली वाहन संचालित नहीं होना चाहिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की जाए। वाहनों में अनधिकृत रूप से लगे हूटर, साइलेंसर और प्रेशर हार्न के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। एआरटीओ को कार्ययोजना बनाकर विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में ई-रिक्शा के संचालन को लेकर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाई जाएं। नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने तथा बिना पंजीकरण वाले ई-रिक्शा के संचालन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। चालकों को बिना पंजीकरण ई-रिक्शा न खरीदने और न चलाने के लिए भी जागरूक किया जाए। मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसपी ने कहा कि बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के चालान सुनिश्चित किए जाएं। बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जाए। नशे की हालत में वाहन चलाते मिलने पर चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर एआरटीओ को सौंपने के निर्देश दिए गए।

अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर, टेबल टॉप और साइनेज लगाने को कहा गया। साथ ही आरटीओ और पुलिस विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई प्रभावी एवं संवेदनशील ढंग से करने के निर्देश दिए गए। समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, एआरटीओ, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed