रिपोर्ट: मोहम्मद अशफाक

गोला गोकर्णनाथ। नये बाईपास पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास इन दिनों भीषण कीचड़ राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। रास्ते पर फैली दलदल जैसी स्थिति के कारण पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो दिन पूर्व इसी स्थान पर एक बाइक सवार कीचड़ और गड्ढे के कारण बाइक समेत गिर गया था। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसके बावजूद मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं होने से यहां लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बारिश के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है। निर्माण कार्य के आसपास जमा मिट्टी और पानी के कारण रास्ते पर फिसलन बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कीचड़ हटाकर रास्ते को समतल और सुचारु नहीं कराया गया तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से तत्काल कीचड़ हटवाने, गड्ढों को भरवाने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।
