MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले), मुज़फ्फरनगर

हुसैनाबाद भनवाड़ा। दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जगह-जगह गड्ढों और जर्जर सड़क के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्ते का असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब पांच वर्षों से क्षेत्र की सड़कों की समस्या को लेकर बार-बार आवाज उठाई जाती रही, लेकिन उन्हें अपेक्षित समाधान नहीं मिला। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक राजपाल सिंह बालियान को लेकर भी नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि जब सड़कें खराब हैं तो जनप्रतिनिधि इन रास्तों पर ग्रामीणों की समस्याएं देखने कब पहुंचे?

ग्रामीणों के अनुसार रियावली नगला, नसीरपुर, वैली बसी, मंडावली खादर समेत कई गांवों के लोगों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति ऐसी है कि बरसात के समय परेशानी और बढ़ जाती है तथा बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को आवागमन में दिक्कत होती है।

ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय वोट मांगने के लिए नेता गांवों तक पहुंचते हैं, लेकिन सड़क, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं पर नियमित ध्यान नहीं दिया जाता। इसी नाराजगी के चलते कुछ ग्रामीणों ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में आने वाले प्रत्याशियों से सड़क और विकास कार्यों पर जवाब मांगने तथा समस्या का समाधान नहीं होने पर विरोध की चेतावनी दी है।

किसान नेता गुफरान राणा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की मूलभूत समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाएं और क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास करें।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो चुनाव प्रचार के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध और प्रत्याशियों के बहिष्कार का आह्वान किया जा सकता है।

इस दौरान इसरार राणा, प्रताप सिंह, नौशाद अली, अशरफ ठाकुर, पूर्व प्रधान जाहिद राणा, गुलजार प्रधान (रियावली नगला), खान मोहम्मद, अहसान राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

23 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *