घर से निकला 17 वर्षीय जमन शायद यह सोचकर गया था कि कुछ देर बाद फिर अपनों के बीच लौट आएगा, लेकिन रसूलाबाद तिराहे पर हुई ट्रक की टक्कर ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। बुधवार देर रात हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल जमन ने मेडिकल कालेज दर्शननगर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। कटरा निवासी सरताज अहमद का पुत्र मोहम्मद जमन बुधवार देर रात बाइक से रसूलाबाद की ओर जा रहा था। रसूलाबाद तिराहे पर रौजागांव की ओर से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाल संजय मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल किशोर को तत्काल सीएचसी रुदौली पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज दर्शननगर रेफर कर दिया। वहां जिंदगी बचाने की कोशिशें जारी रहीं, लेकिन उपचार के दौरान जमन की सांसें थम गईं।
किशोर की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे के लौटने की राह परिवार देख रहा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। घर में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

3 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed