
थलपति विजय की TVK के INDIA गठबंधन में आने से दक्षिण में कांग्रेस मजबूत: अशोक विश्वकर्मा
वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य एवं प्रदेश ओबीसी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। उनके अनुसार, थलपति विजय के नेतृत्व वाली TVK (तमिलगा वेत्री कझगम) आधिकारिक रूप से INDIA गठबंधन में शामिल हो गई है।
उन्होंने बताया कि चेन्नई के सत्यमूर्ति भवन में हुई बैठक में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मणिकम टैगोर के साथ कांग्रेस, TVK, MDMK, VCK, CPI, CPI(M) और IUML सहित सात दल शामिल रहे। विश्वकर्मा ने कहा कि तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों पर इस गठबंधन का असर पड़ेगा और OBC, दलित व मुस्लिम सामाजिक समीकरण मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि TVK-कांग्रेस गठबंधन को ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस (SSJVA)’ नाम दिया गया है। अशोक विश्वकर्मा के मुताबिक, थलपति विजय के आने से दक्षिण भारत में कांग्रेस और राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूती मिलेगी तथा भाजपा के खिलाफ विपक्षी गठबंधन की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने इसे 2029 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए दक्षिण भारत की बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताया।
