
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रयागराज में प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से बालसन चौराहे तक जुलूस निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला और पोस्टर जलाकर विरोध जताया। इसके बाद कई कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी आपत्तियां हैं और इन्हीं के विरोध में पार्टी द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। चुनाव आयोग के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में विपक्षी दलों के प्रदर्शन का सिलसिला भी जारी है।
