वाराणसी। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को यातायात पुलिस लाइन्स सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आयोजकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जर्जर तारों की मरम्मत और सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बिजली विभाग को जर्जर विद्युत खंभों और लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम और जिला पंचायत के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवश्यकता के अनुसार मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों से अपील की कि वे पंडालों में वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था के लिए इमरजेंसी लाइट और जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निर्धारित स्थलों पर ही होगा मूर्ति विसर्जन

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित तालाबों, पोखरों और पर्याप्त पानी वाले चिह्नित स्थलों पर ही कराया जाएगा। किसी भी स्थिति में नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। उन्होंने विसर्जन मार्गों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और रावण दहन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त सख्त

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने रामलीला और मेला स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला मंचों और रावण दहन स्थलों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने तथा बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही मूर्ति विसर्जन जुलूसों को निर्धारित मार्गों से ही निकालने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।

पुलिस आयुक्त ने आयोजकों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए अलग जर्सी या पहचान पत्र जारी करने की अपील की। उन्होंने स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थानों को उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

उन्होंने आयोजकों को अश्लील गाने बजाने से परहेज करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतर्क रहने की हिदायत दी। ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव वंशवाल, डीसीपी राजेश पांडेय, एडीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

6 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed