
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहारों और जनहित के मुद्दों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि शारदीय नवरात्र से छठ महापर्व तक वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरें, जनता से सीधा संवाद करें और समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री जी ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रत्येक थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, सहायता, परामर्श और विधिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान और एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
प्रमुख देवी मंदिरों पर विशेष व्यवस्था
शारदीय नवरात्र के दृष्टिगत विंध्याचल धाम (मीरजापुर), देवीपाटन शक्तिपीठ (बलरामपुर), सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी (सहारनपुर) और मां ललिता देवी शक्तिपीठ, नैमिषारण्य (सीतापुर) सहित सभी प्रमुख देवी मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इन स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
विसर्जन और शोभायात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम
शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, नाव, गोताखोर और जल पुलिस तैनात रहेगी। मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेंगे। शोभायात्रा मार्ग पर मांस-मदिरा की दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। प्रमुख स्थलों की ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी और सोशल मीडिया पर सतर्क नजर रखने के निर्देश भी दिए।
किसान और अतिवृष्टि राहत
मुख्यमंत्री जी ने किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता और कालाबाजारी पर रोक के निर्देश दिए। कोई भी सहकारी समिति खाद के अभाव में खाली न रहे। अतिवृष्टि प्रभावितों को तत्काल राहत देने और 48 घंटे के भीतर नुकसान की रिपोर्ट राहत आयुक्त कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। पूरी तरह क्षतिग्रस्त आवास वाले परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा।
