वाराणसी। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर शैलपुत्री मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, सुगम दर्शन-पूजन और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीएम सिटी राजेश कुमार तथा संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर और प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने, पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही प्रभावी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और पार्किंग स्थलों की उचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू करने तथा संबंधित मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अपर पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिगत संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं के प्रति सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने आमजन से अपील की कि नवरात्रि के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

7 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *