वाराणसी संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद
वाराणसी, 15 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफिया की जगह सिर्फ मिट्टी में है और कब्जाई गई जमीनों पर गरीबों के लिए हवेलियां बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रयागराज में माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों, दलितों और वंचितों के लिए बहुमंजिला आवास बनाने जा रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को वाराणसी के कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नगर निगम और जल निगम के 10 स्वच्छता मित्रों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें भोजन भी परोसा।
स्वच्छता कर्मी समाज की नींव के पत्थर
सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज की नींव के पत्थर हैं। वे सर्दी, गर्मी, बरसात और त्योहारों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाकर लोगों को स्वच्छ वातावरण देते हैं। प्रयागराज महाकुंभ की स्वच्छता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के योगदान से ही महाकुंभ दिव्य और भव्य बन पाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का मानदेय काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार उनके लिए न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय, ईएसआई के तहत चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा बीमा और पीएफ जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।

स्वच्छता और विकास में जनभागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का कायाकल्प हुआ है। शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सरकारी निर्माणों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा 19 जुलाई से 2 अक्टूबर तक चलाए गए 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान की सराहना की। सीएम ने कहा कि स्वच्छता और जागरूकता से डेंगू, मलेरिया सहित कई बीमारियों से बचाव संभव है।

जनप्रतिनिधि हर घर तक पहुंचें
सीएम योगी ने कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही है, जिसकी पहुंच हर घर तक हो। जनप्रतिनिधियों को जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए। आयुष्मान कार्ड, आवास, स्वास्थ्य शिविर और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को बिना भेदभाव मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश को नई पहचान दिलाई है। स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की भी अपील की।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने वसीम, रोहित रावत, राजकुमार, पूर्णमासी, आशुतोष, दिनेश, सुनील, रेखा, अल्पना और चिंता देवी सहित 10 स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया।
