शस्त्र पूजन से गूंजा स्वर्णकार समाज का स्वाभिमान,एकजुटता का दिया संदेश
धर्म,संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक बना आयोजन,समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद

वाराणसी :- दारानगर स्थित स्वर्णकार समाज धर्मशाला में बीस अक्टूबर मंगलवार को स्वर्णकार समाज की ओर से भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए पूजन में धर्म,संस्कृति, आत्मरक्षा, सामाजिक एकता और स्वाभिमान का संदेश दिया गया | कार्यक्रम का शुभारंभ माता दुर्गा एवं संत शिरोमणि नरहरी दास के पूजन-अर्चन से हुआ | इसके बाद विधि-विधान से शस्त्र पूजन कर समाज की सुख- समृद्धि,सुरक्षा और उन्नति की कामना की गई | वक्ताओं ने कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा है जो शक्ति,साहस और धर्म की रक्षा का प्रतीक है | इस प्रकार के आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी जागृत होती है |
इस अवसर पर स्वर्णकार समाज धर्मशाला के संरक्षक मुरलीधर सेठ,संरक्षक एवं सोनार नरहरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा,अध्यक्ष दिनेश कुमार सेठ,महामंत्री मनोज सिंह स्वर्णकार और कोषाध्यक्ष संजय सेठ ‘संजू’ सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे | कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामाजिक सद्भाव,आपसी सहयोग और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया | आयोजन समिति ने वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों से आए स्वर्णकार समाज के लोगों के प्रति आभार जताया | कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और समाज की एकता एवं उत्थान के संकल्प के साथ हुआ |
