रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख

MD NEWS बहुआयामी समाचार

फतेहपुर/खागा, जनपद फतेहपुर के खागा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम खुशियारीपुर, मजरे चक कटोगन में प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाने उतरे पांच लोग डूबने लगे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई।
निर्धारित नौबस्ता घाट के बजाय तालाब में किया विसर्जन
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, खागा थाना क्षेत्र में लगभग 222 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होना था, जिनमें से करीब 150 प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को प्रस्तावित था। सभी जुलूसों और विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।

ग्राम खुशियारीपुर की दो प्रतिमाओं का विसर्जन नौबस्ता घाट पर निर्धारित था। हालांकि, एक प्रतिमा के साथ चल रहे कुछ लोग निर्धारित स्थल के बजाय गांव के तालाब पर पहुंच गए और वहीं प्रतिमा विसर्जित कर दी।
पांच लोग डूबे, तीन की गई जान

विसर्जन के बाद कुछ लोग तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान पांच लोगों के डूबने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पीआरवी और स्थानीय लोगों ने दो लोगों को बचा लिया। शेष तीन लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सीएचसी हरदो पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी, उपजिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से बातचीत कर आर्थिक सहायता के उपलब्ध प्रावधानों की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर ही करें। विसर्जन के दौरान तालाबों और अन्य जलाशयों में नहाने से बचें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अगले दिन प्रस्तावित विसर्जन कार्यक्रमों को लेकर भी पुलिस एवं प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है तथा संबंधित स्थलों पर सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई है।

4 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *