वाराणसी। मिशन समाज सेवा की ओर से एक सराहनीय सामाजिक पहल करते हुए जरूरतमंद महिला को ट्राई साइकिल भेंट की गई। यह कार्यक्रम मिशन समाज सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डंपी तिवारी बाबा के निवास स्थान बाबा धाम कॉलोनी में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम सभा औराव, ब्लॉक मंगारी, पिंडरा, वाराणसी निवासी राजीव दीक्षित की पत्नी, जिनके कूल्हे की हड्डी टूट गई है और उन्हें चलने-फिरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था इसलिए ट्राई साइकिल प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य उन्हें आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना तथा दैनिक जीवन की परेशानियों को कम करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष श्री राजेश पांडेय उपस्थित रहे। साथ ही एडवोकेट संदीप मिश्रा, विपुल दुबे एवं सक्षम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने मिशन समाज सेवा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। ऐसे सेवा कार्यों से जरूरतमंद लोगों को संबल मिलता है और समाज में सहयोग एवं मानवता की भावना मजबूत होती है।
मिशन समाज सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डंपी तिवारी बाबा ने जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे भी इसी तरह के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य जारी रखने की बात कही।

सलीम जावेद
