आनंद कुमार रिपोर्टर बाराबंकी
MD News

दीपवाली की छुट्टी मनाने जा रहे थे लखनऊ से गांव

बाराबंकी। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार, 7 नवंबर की सुबह मसौली थाना क्षेत्र के नयागांव स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास एलपीजी गैस टैंकर और कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

लखनऊ के बंगला बाजार निवासी गंगाराम का परिवार दीपावली का त्योहार मनाने कार से गोंडा जा रहा था। कार संख्या BR 06 CS 6658 में परिवार के सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि नयागांव के पास कार चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से बहराइच की ओर आ रहे खाली एलपीजी टैंकर संख्या NL 01 AA 0004 से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और मसौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को बाराबंकी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घायलों में शकुंतला देवी (75), सुधीर वर्मा (53), प्रोफेसर कंचन लता (50), रंजना वर्मा (45), सोना (6), हार्दिक वर्मा (12) और मनीषा वर्मा (9) शामिल हैं। परिवार के बड़े बेटे लवकुश वर्मा ने बताया कि पूरा परिवार दीपावली मनाने के लिए गोंडा जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जेके महामाया ने बताया कि सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया जा सकता है। फिलहाल चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।

राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में शामिल एलपीजी टैंकर खाली था, जिससे गैस रिसाव या आग लगने जैसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।

11 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *