एमडी न्यूज़ रिपोर्टर मुन्ताज अली
वाराणसी। थाना राजातालाब पुलिस एवं मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गुमशुदा युवतियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान धर्मेंद्र कुमार पटेल निवासी मिल्कीपुर चट्टी, थाना राजातालाब, कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा थाना राजातालाब पर सूचना दी गई कि उन्हें मिल्कीचक चट्टी पर दो छोटी बच्चियां मिली हैं, जो अपने घर का रास्ता भटक गई हैं तथा सोनभद्र जाने का रास्ता पूछ रही हैं। बच्चियों की कम उम्र को देखते हुए उन्होंने किसी अप्रिय घटना की आशंका के दृष्टिगत पुलिस को सूचना दी।

उक्त सूचना पर थानाध्यक्ष राजातालाब द्वारा मिशन शक्ति केंद्र पर मौजूद महिला उपनिरीक्षक मानसी यादव की निगरानी में बच्चियों की काउंसलिंग एवं पूछताछ की गई। पूछताछ में बच्चियों ने अपना नाम नंदिनी पुत्री सोमारू, उम्र करीब 09 वर्ष एवं रिंकी पुत्री हीरालाल, उम्र करीब 11 वर्ष, निवासी ग्राम गरमा, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र बताया। बच्चियों ने बताया कि वे अपने घर से निकलकर रास्ता भटक गई थीं।
पुलिस टीम द्वारा सी-प्लान ऐप के माध्यम से बच्चियों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें सूचना दी गई। सूचना पर बच्चियों के भाई दिनेश पुत्र जग्गी एवं विकेश पुत्र बाबूलाल थाना राजातालाब उपस्थित हुए तथा बच्चियों की पहचान की। तत्पश्चात आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम द्वारा दोनों बच्चियों को सकुशल उनके भाइयों के सुपुर्द किया गया।
