संवाददाता रामानंद सागर (एमडी न्यूज़)
बाराबंकी रामनगर।आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता उत्तर प्रदेश, कुमार प्रशांत ने मंगलवार को बाराबंकी जिले का दौरा कर सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली, उर्वरक उपलब्धता और धान क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता निरंकार मौर्य के साथ ज्यौली और रामनगर विकासखंड की लैन साधन सहकारी समिति का गहन निरीक्षण किया।
खाद स्टॉक का मशीन से मिलान और वितरण के निर्देश
निरीक्षण की शुरुआत ज्यौली साधन सहकारी समिति से हुई। यहाँ आयुक्त ने खाद गोदाम में पहुँचकर उपलब्ध उर्वरक के स्टॉक का मशीन के माध्यम से भौतिक मिलान कराया। अभिलेखों में दर्ज स्टॉक और गोदाम में रखी खाद की वास्तविक मात्रा का सत्यापन करने के साथ ही स्टॉक व बिक्री रजिस्टरों की भी जाँच की गई। उन्होंने समिति सचिव को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को उनकी जोत के अनुसार ही खाद मिले और वितरण व्यवस्था ऐसी हो कि किसी को भी अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

धान क्रय केंद्र की परखी व्यवस्थाएँ
इसके बाद वे रामनगर विकासखंड की लैन साधन सहकारी समिति पहुँचे और वहाँ संचालित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया, अभिलेखों और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीद कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

अब सीधे रैक प्वाइंट से समितियों तक पहुँचेगी डीएपी
किसानों को खाद की उपलब्धता सुगम बनाने के लिए आयुक्त ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र से प्राप्त होने वाली 500 मीट्रिक टन डीएपी की रैक का समितियों को आवंटन कराकर सीधे रैक प्वाइंट से संबंधित समितियों तक भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे आपूर्ति में तेजी आएगी और किसानों को स्थानीय स्तर पर समय से डीएपी मिल सकेगी।
निरीक्षण के उपरांत आयुक्त एवं निबंधक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुँचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दरबार में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर धान क्रय एजेंसी के जिला प्रबंधक, सहायक निबंधक सहकारिता, अपर जिला सहकारी अधिकारी प्रवीण मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता खुशबू राय, समिति सचिव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा अयोध्या मंडल के अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
