रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र, 25 नवंबर। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में साइबर टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
बैठक में बैंक शाखाओं एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बैंकिंग फ्रॉड और साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।

इस दौरान बैंक परिसरों एवं एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही बैंकिंग एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि बैंक परिसर या एटीएम के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। साइबर अपराध की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस एवं बैंक प्रबंधन के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
