रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

वाराणसी जोन/सोनभद्र, 25 नवंबर। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के विरुद्ध वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में विशेष अभियान चलाया गया। 24 नवंबर को चलाए गए इस अभियान में 8,025 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 893 वाहनों का चालान कर 5 लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया गया। इसमें आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही जनपद शामिल रहे। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

जारी आंकड़ों के अनुसार, मीरजापुर परिक्षेत्र में सर्वाधिक 2,907 लोगों को जागरूक किया गया। आजमगढ़ परिक्षेत्र में सर्वाधिक 388 वाहनों का चालान हुआ, जबकि वाराणसी परिक्षेत्र में सबसे अधिक 3 लाख 76 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाएं और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म का प्रयोग न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *